Today Breaking News

लॉकडाउन में फोन कर शख्स ने मांगे समोसे तो DM ने भिजवाए और फिर...

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लॉकडाउन में जनता की मदद के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम को कुछ लोग मनोरंजन का जरिया बनाए हुए हैं। कोई फोन कर पिज्जा ऑर्डर कर रहा है तो कोई समोसा। ऐसे लोगों की हरकत पर प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए सफाई की जिम्मेदारी सौंप दी है। दंड के तौर पर उनसे नालियों व सड़कों की सफाई कराई जा रही है।

लॉकडाउन के दौरान लोगों को किसी तरह की दिक्कत ना हो, उनकी शिकायतों के लिए प्रशासन ने कंट्रोल रूम बनाए हैं। कंट्रोल रूम में 10 से ज्यादा लाइनों के जरिए लोगों की शिकायतों का निस्तारण किया जा रहा है। मगर कुछ लोग कंट्रोल रूम की सेवाओं का माखौल उड़ाने में लगे हैं। लोग यहां पर फोन कर पिज्जा, समोसा और यहां तक की डिस्प्रिन की गोली मंगवाने का ऑर्डर कर रहे हैं। जिससे कंट्रोल रूम संचालकों के साथ ही अफसरों की भी मुश्किल बढ़ रही है। चेतावनी के बाद भी कोई सुधार ना होने पर प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है।

कंट्रोल रूम में चार समोसे ऑर्डर करने वाले एक युवक को पूछताछ के बाद उसके घर के पास नाली साफ कराने पर लगाया गया। बाद में अफसरों ने उसे सख्त चेतावनी देते हुए छोड़ दिया। इसके अलावा पिज्जा ऑर्डर करने वाले युवक की पहचान करते हुए उससे नाली साफ कराई गई। प्रशासन की ओर से जारी किए गए व्हाट्सएप नंबर पर टिक टॉक का मजाकिया वीडियो भेजने वाले युवक की भी पहचान की गई है। उससे भी सफाई कराई गई। प्रशासन की इस कार्रवाई से खलबली मच गई है।

हमने कंट्रोल रूम जनपदवासियों की सेवा और समस्या के समाधान के लिए बनाया है। यहां कॉल सेंटर की तर्ज पर हमारे कर्मचारी लगे हुए हैं लेकिन कुछ लोग इसका मजाक उड़ा रहे हैं। ऐसे लोगों कोई कई बार समझाया भी लेकिन अब कार्रवाई शुरू कर दी है। स्वार क्षेत्र में बार बार एक युवक समोसे मंगवा रहा था। उससे नाली की सफाई कराई है। -आन्जनेय कुमार सिंह, डीएम
'