Today Breaking News

भाजपा सांसद कमलेश पासवान सहित छह के खिलाफ गोरखपुर में मुकदमा दर्ज

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गोरखपुर। होप पैनेशिया हॉस्पिटल पर कब्जे के विवाद में बांसगांव से भाजपा सांसद कमलेश पासवान समेत छह नामजद 50 अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने डकैती का मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह मुकदमा हॉस्पिटल के संस्थापक डायरेक्टर विजय पाण्डेय की तहरीर पर दर्ज हुआ है। वहीं सांसद कमलेश पासवान की तहरीर पर विजय पाण्डेय सहित आठ के खिलाफ नामजद व 40 अज्ञात के खिलाफ भी जातिसूचक गालियां देने व जान से मारने की धमकी का केस दर्ज किया गया है।

बीते सोमवार को हॉस्पिटल पर कब्जे को लेकर विवाद हुआ था। प्राइवेट लिमिटेड कम्पनी में डायरेक्टर पद को लेकर अरसे से विवाद चल रहा है। उसका मुकदमा ट्रिब्यूनल में भी लम्बित है। कमलेश पासवान, उनकी पत्नी समेत परिवार के दूसरे सदस्यों को डायरेक्टर बनाए जाने पर अन्य के बाद यह विवाद और बढ़ गया। सोमवार को इसी विवाद में हॉस्पिटल पर कब्जा करने पर गाली-गलौच हुई थी। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया था। गाली-गलौच का विडियो भी वायरल हुआ था। बाद में प्रशासन ने हॉस्पिटल को सील कर दिया था। दोनों पक्षों ने उसी दिन तहरीर दी थी लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था। 

सांसद आक्रामक हुए तो तय हुआ कि दोनों पक्षों का मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जाए। डायरेक्टर विजय पाण्डेय की तहरीर पर कैंट पुलिस ने गुरुवार की देर रात सांसद कमलेश पासवान समेत छह नामजद और 40-50 अज्ञात के खिलाफ डकैती और आपराधिक बल प्रयोग करने के आरोप में केस दर्ज किया है। जबकि सांसद की तहरीर पर आठ नामजद सहित 40-50 पर बलवा, मारपीट और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज हुआ है।

'