पुलिस लाइन आवास में फालोवर की बेटी ने फांसी लगाकर जान दी
गाजीपुर न्यूज़ टीम, आजमगढ़। पुलिस लाइन परिसर स्थित आवास में शनिवार की सुबह थाने के फालोवर की 20 वर्षीया बेटी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। आवास में छत के चुल्ले से लटकता शव मिला। घटना के वक्त कोई घर में नहीं था। पुलिस ने दरवाजा तोड़ कर शव को उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गोरखपुर जिले के गगहा थाना क्षेत्र के जररिया गांव निवासी जितेन्द्र पांडेय पुलिस विभाग में फालोवर पद पर तैनात हैं। पुलिस लाइन में रहने के लिए सरकारी आवास मिला है। शनिवार की सुबह फालोवर जितेन्द्र पांडेय ड्यूटी पर चले गए। उनका एक बेटा दवा लेने चला गया था।
कमरे में 20 वर्षीया बेटी करिश्मा पांडेय अकेली थी। उसने छत के चुल्ले से दुपट्टा के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।। कुछ देर बाद करिश्मा का भाई दवा लेकर आवास पर लौटा तो दरवाजा अंदर से बंद था। बार-बार पुकारने के बाद अंदर से कोई आवाज नहीं आने पर उसे आशंका हुई। बेटे ने पिता को जानकारी दी। आस-पास के लोगों को बताया।
परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस आवास का दरवाजा तोड़ कर अंदर पहुंची। करिश्मा का शव दुपट्टा के सहारे कमरे में लटक रहा था। वह बीएससी की छात्रा थी। दो भाई में इकलौती थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी केके गुप्ता ने बताया कि घटना के कारणों की अभी जांच की जा रही है।
