Today Breaking News

सीतापुर में महिला को लूट रहे बदमाशों से ग्रामीणों की भिड़ंत, तीन लुटेरों समेत पांच घायल

गाजीपुर न्यूज़ टीम, सीतापुर, सकरन थाना क्षेत्र के सुकेठा गांव के समीप मायके जा रही एक महिला को रास्ते में रोककर उसके साथ लूटपाट कर रहे तीन बदमाशों को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ा है। बदमाशों से हुई भिड़ंत में दो ग्रामीण भी घायल हुए हैं। तीनों बदमाश लखीमपुर खीरी जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने बदमाशों द्वारा महिला से लूटा गया सामान जेवरात, नगदी व असलहा भी बरामद किया है। मामले की खबर लगते ही एसपी आरपी सिंह ने एएसपी उत्तरी राजीव दीक्षित को मौके पर भेजा है।

पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह ने बताया कि संबंधित तीनों बदमाश लखीमपुर खीरी के रहने वाले हैं। इन्हें ग्रामीणों ने महिला से लूटपाट करने के दौरान पकड़ा है। मामले में संबंधित तीनों अपराधियों से पूछताछ की जा रही है। सकरन थानाध्यक्ष राजकुमार के मुताबिक महिला पिनका शनिवार सुबह 11 बजे के दौरान अपनी ससुराल भवानीपुर से मोतीपुर में मायके आ रही थी।
मह‍िला का शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीण 
मोतीपुर गांव से कुछ दूर पहले ही गमई मार्ग पर बदमाशों ने उसे रोक लिया और उससे लूटपाट करने लगे। महिला के शोर मचाने पर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण बदमाशों से मोर्चा लेने को दौड़ पड़े। बदमाशों से भिड़ंत में कुछ ग्रामीण घायल भी हुए हैं। जिन्हें उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया है।