Today Breaking News

गाजीपुर के छात्र-छात्राओं ने अन्तर्राष्ट्रीय युवा महोत्सव में बिखेरा जलवा, 2 स्वर्ण व 1 रजत पदक हासिल किया

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के जमानियां स्थित सनशाइन पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने लखनऊ में आयोजित अन्तर्राष्ट्रीय युवा महोत्सव-2022 में विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करते हुए अन्तर्राष्ट्रीय ओवर ऑल चैम्पियनशिप की ट्राफी जीतकर अपनी मेघा व प्रतिभा का परचम लहराया है। शुक्रवार की शाम को स्थानीय स्टेशन पहुंचने पर उनका क्षेत्रीय लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस सफलता से क्षेत्र में खुशी का माहौल व्याप्त हैं।

इस प्रतियोगिता में देश-विदेश के कुल 59 विद्यालयों ने प्रतिभाग किया था,जिसमें ज्ञान-विज्ञान एवं तकनीकी तथा वैश्विक पर्यावरण संरक्षण विषय पर आधारित कुल 5 प्रतियोगिताएं थी। इसमें सनशाइन पब्लिक स्कूल जमानियां के प्रतिभागी प्राची मौर्या, तनिष्का सिंह आकृति मौर्या, सृजन सिंह लक्ष्य सिंह छात्र छात्राओं ने दो स्वर्ण व एक रजत पदक जीत अन्तर्राष्ट्रीय ओवर ऑल चैम्पियनशिप की ट्राफी अपने नाम कर लिया।

यह प्रतियोगिता सिटी मॉन्टेसरी स्कूल राजाजीपुरम् (द्वितीय कैम्पस) लखनऊ में आयोजित की गई। इसमें श्रीलंका, नेपाल, रूस मारिशस, बांग्लादेश के विद्यालयों ने प्रतिभाग किया। इसके अतिरिक्त देश के विभिन्न प्रदेशों के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। ज्ञान-विज्ञान एवं तकनीकी तथा वैश्विक पर्यावरण के संरक्षण हेतु कुल पांच प्रतियोगिताएं कराई गईं।

इसमें राष्ट्र के निर्माण में युवाओं की भूमिका विषय पर नाटक का मंचन, वैश्विक पर्यावरण के संरक्षण और संवर्धन हेतु व्यवहारिक ज्ञान विषय पर आधारित माडल की प्रस्तुति, पर्यावरण के संरक्षण में परिवार का महत्व विषय पर डिजिटल कॉमिक वाद-विवाद प्रतियोगिता व कोरियोग्राफी की प्रतियोगिता आयोजित थी।

इसमें जमानिया ने डिजिटल कॉमिक और ज्ञान विज्ञान और तकनीकी माडल की प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के नाटकीय मंचन में द्वितीय स्थान प्राप्त करते हुए कुल पांच प्रतियोगिताओं में 3 में ट्राफी जीतने में सफलता पाई। इस अवसर पर जय प्रकाश सिंह, पूनम सिंह,प्रबन्धक समिति के अध्यक्ष श्री चन्द्रशेखर सिंह, अमित कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।

'