Today Breaking News

गाजीपुर में तीन युवक गिरफ्तार, छात्र पर जानलेवा हमले का आरोप

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के रेवतीपुर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में बड़ी कार्रवाई की है।आज सोमवार को पुलिस ने तीन नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें थाना क्षेत्र के सलेमपुर डेरा के समीप नगसर मार्ग से उस वक्त दबोचा, जब वे फरार होने की फिराक में वाहन का इंतजार कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान विकास कुमार (19 वर्ष), नीरज (19 वर्ष) और सुमित (20 वर्ष) के रूप में हुई है। जो नगसर नेवाजू राय के रहने वाले है,पुलिस तीनों को थाने लाई, जहां पूछताछ के बाद उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। इसके उपरांत उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में नामजद तीन अन्य आरोपित अब भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है, लेकिन शेष आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस को चकमा दे रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटना बीते शनिवार को हुई थी। रेवतीपुर गांव निवासी 16 वर्षीय छात्र प्रिंस जायसवाल अपने साथियों के साथ बाइक से इंटरमीडिएट की परीक्षा देने नवली जा रहा था। तभी पहले से घात लगाए नकाबपोश हमलावरों ने उतरौली के समीप उसकी बाइक रुकवाकर उसे जबरन नीचे उतारा।

हमलावरों ने हॉकी, बेल्ट और डंडों से प्रिंस पर ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावर उसे मरा हुआ समझकर हाईवे किनारे फेंककर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल छात्र को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र और बाद में जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है।

प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तारी टीम में उनके साथ उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार, संपूर्णानंद और चंद्रजीत शामिल रहे।
 
 '