Today Breaking News

गाजीपुर के SI समेत 2 जवानों की मौत, CRPF जवान ने बरसाईं गोलियां

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. देश की सुरक्षा में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों के बीच मंगलवार को असम के नगांव जिले में हुई गोलीबारी ने पूरे महकमे को झकझोर दिया। 34वीं बटालियन के कटिमारी शिविर में एक सहायक उप निरीक्षक (ASI) ने अचानक अपनी ही यूनिट के साथियों पर गोलियां बरसा दीं। इस घटना में गाजीपुर निवासी उप निरीक्षक राम नवल सिंह यादव समेत दो जवानों की मौत हो गई, जबकि एक जवान घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी एएसआई ने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को नगांव जिले के कटिमारी स्थित CRPF 34वीं बटालियन शिविर में ड्यूटी के दौरान सहायक उप निरीक्षक बल्लानी प्रेमाबरन ने अचानक गार्ड रूम से इंसास राइफल उठा ली।

इसके बाद वह शिविर के क्वार्टर गार्ड के पिछले हिस्से में पहुंचा और वहां मौजूद जवानों पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। अचानक हुई इस फायरिंग से शिविर में अफरा-तफरी मच गई और जवानों में हड़कंप मच गया।

गोलीबारी में हवलदार विष्णु प्रसाद बघेल और उप निरीक्षक राम नवल सिंह यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एएसआई माने गोविंदा विपुल के पैर में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल जवान को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया गया कि माने गोविंदा विपुल 171 बटालियन से डाक ड्यूटी के लिए 34वीं बटालियन शिविर पहुंचे थे।

साथियों पर हमला करने के बाद आरोपी एएसआई बल्लानी प्रेमाबरन पास की बैरक में चला गया। इसके बाद उसने अपनी ही राइफल से खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी भी मौत हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक गोली चलाने वाला एएसआई आंध्र प्रदेश का रहने वाला था। घटना के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। सुरक्षा बल मामले की जांच में जुटा हुआ है।

मृतक उप निरीक्षक राम नवल सिंह यादव गाजीपुर जिले के सैदपुर क्षेत्र स्थित सिंहपुर गांव के रहने वाले थे। वह वर्तमान में लखनऊ में तैनात थे और डेटा वेरिफिकेशन के कार्य के लिए असम के 34वीं बटालियन शिविर पहुंचे थे।

घटना की सूचना मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शव लेने के लिए सिंहपुर से असम रवाना हो गए हैं। पत्नी रीता यादव, पुत्र सुनील और पुत्री प्रीती इस घटना से गहरे सदमे में हैं।

राम नवल सिंह यादव के परिवार में उनकी अचानक मौत से हर कोई स्तब्ध है। उनका बड़ा बेटा सुनील हॉकी खिलाड़ी है, जबकि बेटी प्रीती मेडिकल प्रवेश परीक्षा (नीट) की तैयारी कर रही है।

ग्रामीणों के अनुसार, राम नवल सिंह सरल स्वभाव के व्यक्ति थे और लंबे समय से देश सेवा में जुड़े हुए थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक का माहौल फैल गया।

घटना के बाद CRPF अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। गोलीबारी के पीछे जवान के मानसिक तनाव या अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है।

घायल एएसआई माने गोविंदा विपुल का इलाज गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के बाद ही वास्तविक कारण सामने आ सकेगा। इस घटना ने सुरक्षा बलों के भीतर भी चिंता बढ़ा दी है।