Today Breaking News

लॉकडाउन के बाद ट्रेनें, विमान चलाने की शुरू हुई तैयारी- रेलवे व एयरपोर्ट ऍथारिटी ने की यह व्‍यवस्‍था

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गोरखपुर, लॉकडाउन के बाद ट्रेनें और विमान चलाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए रेलवे और एयरपोर्ट ऍथारिटी ने तैयारी शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि लॉकडाउन समाप्‍त होने के बाद भी सभी ट्रेनें एक साथ नहीं चलेंगी, पहले कुछ महत्‍वपूर्ण ट्रेनें ही चलेंगी। इसके लिए रेलवे ने तैयारी शुरू कर दी है।

एयरपोर्ट पर भीड़ कम करने को बदलेगा फ्लाइट का समय
कोरोना का संक्रमण रोकने के लिए गोरखपुर से उड़ान भरने वाली फ्लाइट के समय में बदलाव की तैयारी चल रही है। शारीरिक दूरी बनी रहे इसके लिए फ्लाइट के आने और जाने के समय में एक से डेढ़ घंटे का अंतर रहेगा। एयरपोर्ट निदेशक इसको लेकर एयरलाइंस के अधिकारियों संग बैठक कर चुके हैं। प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय एयरपोर्ट अथॉरिटी को लेना है।

फ्लाइट के शेड्यूल में बदलाव करने का प्रस्ताव भेजा गया
गोरखपुर से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद और प्रयागराज के लिए रोजाना सात विमान की उड़ान होती है। जिससे औसतन हर रोज 1000 से 1200 लोग सफर करते हैं। एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में एक साथ 250 से 300 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। दिल्ली, मुंबई और कोलकाता जाने वाली फ्लाइट के समय में एक घंटे से कम समय का अंतर है। इसको लेकर एयरपोर्ट और एयरलाइंस के अधिकारी अभी से तैयारी में जुटे हैं। एयरपोर्ट अथॉरिटी को इसकी जानकारी देते हुए फ्लाइट के शेड्यूल में बदलाव करने का प्रस्ताव भेजा गया है। 

हवाई सेवा शुरू होने पर एयरपोर्ट परिसर में शारीरिक दूरी को बनाए रखने की तैयारी चल रही है। एयरलाइंस के अधिकारियों के साथ इसको लेकर बैठक की गई है। जिसमें कई बिंदुओं पर चर्चा हुई है। - अनिल द्विवेदी, एयरपोर्ट निदेशक

गोरखपुर से उड़ान भरने वाली फ्लाइट

दिल्ली के लिए

इंडिगो

आगमन - सुबह 11:00 बजे

प्रस्थान - सुबह 11:30 बजे

स्पाइस जेट

आगमन - दोपहर 12:55 बजे

प्रस्थान -  दोपहर 01:25 बजे

एयर इंडिया

आगमन - दोपहर बाद 03:20 बजे

प्रस्थान - दोपहर बाद 03:45 बजे

मुंबई के लिए

स्पाइस जेट

आगमन - दोपहर 2:30 बजे

प्रस्थान - दोपहर बाद 3:00 बजे

हैदराबाद के लिए

आगमन - दोपहर 12:00 बजे

प्रस्थान -  दोपहर 12:30 बजे

कोलकाता के लिए

आगमन - दोपहर 11:10 बजे

प्रस्थान - दोपहर 2:50 बजे

प्रयागराज के लिए

प्रस्थान : दोपहर 11:40 बजे

आगमन : दोपहर 2:20 बजे
सैनिटाइज होने के बाद ही यात्रियों को मिलेगा स्टेशन पर प्रवेश
हालांकि ट्रेनें चलाने अभी तक कोई आधिकारिक दिशा-निर्देश जारी नहीं हुआ है कि लॉकडाउन के बाद रेलवे ट्रेनों को कैसे चलाएगा। अधिकारी भी कुछ बोलने से परहेज कर रहे हैं। इसके बाद भी यात्री ट्रेनों को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर जारी है। रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देश पर पूर्वोत्तर रेलवे कभी भी ट्रेन चलाने के लिए तैयार है। 17 एक्सप्रेस और 25 पैसेंजर ट्रेनों के रेक और रेल लाइनें युद्ध स्तर पर दुरुस्त हो रही हैं। जानकारों के अनुसार यह तय माना जा रहा है कि लॉकडाउन के बाद सभी ट्रेनें एक साथ नहीं चलेंगी। पहले लोकल ट्रेनों पर फोकस रहेगा। फिर आवश्यकतानुसार धीरे-धीरे लंबी दूरी की ट्रेनें चलाई जाएंगी। ट्रेन सेवाएं शुरू होने के सुरक्षा मानकों का पूरा ख्याल रखा जाएगा। जिसमें मास्क के साथ शारीरिक दूरी भी शामिल है। यात्री सैनिटाइज होने के बाद ही स्टेशन पर प्रवेश पा सकेंगे। इसके लिए मुख्य गेट पर डिसइंफेक्टिंग टनल (कीटाणुनाशक टनल) लगाया जाएगा। सभी यात्रियों का थर्मल स्कैनिंग कराने की भी योजना है। इसको लेकर संबंधित अधिकारियों के बीच लगातार वार्ता चल रही है।
'