Today Breaking News

पति ने प्रेमी के घर में पत्नी को चाकू से गोदा, मौत, 8 दिन पहले भागकर साथ रह रही थी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, हाथरस. हाथरस में एक युवक ने अपनी पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पत्नी प्रेमी के साथ रह रही थी। पति अपने 3 साथियों के साथ उसके घर पहुंचा, पत्नी और प्रेमी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में पत्नी की मौत हो गई, प्रेमी गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह फोटो गौरी की है, जिसकी उसके पति ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी।
पति के साथ आया एक युवक भी घायल हो गया। प्रेमी को सहपऊ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। वहीं, पति के साथ आए घायल युवक को गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें करन अपनी प्रेमिका गौरी की लाश को लेकर बैठा है। उसके सिर से भी खून निकल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही सीओ अमित पाठक और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। घटना कोतवाली सहपऊ के गांव नगला कली की है।

तब तक चाकू मारता रहा, जब तक पत्नी मर नहीं गई हमलावरों ने गौरी को उस समय पकड़ लिया, जब वह घर से बाहर थी। पति आदित्य ने उस पर ताबड़तोड़ चाकू मारे। अपनी प्रेमिका पर हमला होता देख जब करन उसे बचाने दौड़ा, तो हमलावरों ने उसे भी पकड़ लिया। करन के हाथ में डंडा था। करन ने आदित्य के साथ आए अमन के सिर पर डंडे से हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

इसी बीच एक हमलावर ने करन को ईंट मार दी, जिससे वह भी घायल हो गया। खुद को घिरता देख आदित्य अपने 2 साथियों के साथ वहां से एक बाइक पर बैठकर भाग गया। जबकि आदित्य का तीसरा साथी अमन वहीं घायल पड़ा रहा।

अब जानिए पूरा मामला
गौरी (24) अलीगढ़ के नुमाइश ग्राउंड की रहने वाली थी। उसने करीब 3 साल पहले कासगंज के नसरतपुर में रहने वाले आदित्य से लव मैरिज की थी। आदित्य पल्लेदारी करता है। लेकिन, करीब 4 महीने पहले उसका करन से अफेयर हो गया था। करन आदित्य के मामा का बेटा है। उसका आदित्य के घर आना-जाना था। इसी बीच गौरी से उसकी नजदीकी बढ़ गई। करन एक होटल में काम करता है।
यह प्रेमी करन है, वह गौरी की लाश को पकड़कर रोता रहा। करन के सिर से भी खून बह रहा था।
जब यह बात परिवार वालों को पता चली, तो घर में झगड़ा होने लगा। इसके बाद गौरी करन के साथ थाने पहुंची। वहां उन्होंने पुलिस को बताया कि वे एक-दूसरे से प्रेम करते हैं और साथ रहना चाहते हैं। बालिग होने की वजह से पुलिस ने भी गौरी को अपनी मर्जी से जाने दिया। इसके बाद करन गौरी को अपने मौसा रंजीत के घर नगला कली में ले गया। वहां 26 जून से करन और गौरी एक साथ रह रहे थे।

गौरी पर ताबड़तोड़ चाकू से किए वार गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे गौरी का पति आदित्य 3 साथियों के साथ दो बाइक से वहां पहुंचा। उसने बिना कोई सवाल-जवाब किए गौरी और करन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने गौरी पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रेमी करन भी गंभीर रूप से घायल हुआ गौरी को बचाने के लिए करन हमलावरों से भिड़ गया। इस पर हमलावरों ने उस पर भी चाकू से वार कर दिए। इसमें करन गंभीर रूप से घायल हो गया। इस झड़प में एक हमलावर अमन भी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में अमन की भी मौत हो गई। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की गिरफ्तारी में जुटी है।

भाई बोला- करन ने गौरी से कोर्ट मैरिज की थी करन के भाई राज कुमार ने बताया- मेरे भाई ने गौरी से कोर्ट मैरिज भी कर ली थी। करीब 8 दिन से वह नगला कली रह रहा था। आज उस पर हमला हुआ है। गौरी के पहले पति ने हमला किया है। गौरी से उसका पति आदित्य शराब पीकर मारपीट करता था। आदित्य मेरे मामा का लड़का है।
यह प्रेमी करन का भाई राज कुमार है, जिसका कहना है कि हमला करने वाला मेरे मामा का लड़का है।
इस दौरान मेरे भाई करन के गौरी से संबंध हो गए। दोनों सहमति से साथ रहने लगे। पिछले 8-10 दिन से दोनों नगला कली में रह रहे थे। आज आदित्य अपने कुछ साथियों के साथ आया। उसने गौरी की चाकुओं से गोद कर हत्या कर दी और मेरे भाई को भी घायल कर दिया।

SP चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया- यह महिला अपने मित्र के साथ रह रही थी। इस महिला का पति और इस महिला का मित्र आपस में ममेरे फुफेरे भाई भी हैं। इस महिला की अपने पति से अनबन हो गई थी, तब यह अपने मित्र करन के साथ रहने लगी थी। आज इस महिला का पति आदित्य अपने तीन अन्य साथियों के साथ वहां आया, तो उसने चाकू से अपनी पत्नी पर कई वार किए। करन पर भी इन लोगों ने हमला किया।

करन ने जब अपना बचाव किया तो आदित्य के साथ आया उसका मित्र अमन भी घायल हो गया। उसके डंडे की चोट लगी। घायल अमन को गंभीर हालत में आगरा भेजा गया। वहां उसकी भी मौत हो गई। इस मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
 
 '