Today Breaking News

गाजीपुर में गंगा घाट पर नावों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी, प्रशासन ने कार्रवाई का आश्वासन

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में सेवराई तहसील के बारा गंगा घाट पर सुरक्षा मानकों का उल्लंघन कर नावों का संचालन किया जा रहा है। यात्री बिना लाइफ जैकेट के यात्रा करने को मजबूर हैं, जिससे उनकी जान को खतरा बना हुआ है। इन नावों के पास वैध पंजीकरण नहीं है और न ही सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम हैं।
क्षमता से अधिक यात्रियों के साथ दर्जनों दोपहिया वाहन भी नावों में लादकर आवागमन जारी है। यह स्थिति पीपा पुल बंद होने के बाद उत्पन्न हुई है, जिसके कारण अवैध नावों का संचालन धड़ल्ले से जारी है। इन गंभीर लापरवाहियों के बावजूद स्थानीय प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही थी।

बारा गंगा घाट पर दर्जनों नाविकों की आजीविका नाव संचालन पर निर्भर करती है। हालांकि, उनके द्वारा सुरक्षा मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। इस संबंध में सेवराई के नवागत उपजिलाधिकारी गजराज सिंह यादव से बात की गई।

उपजिलाधिकारी ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा कि अवैध रूप से संचालित नावों का जल्द पंजीकरण कराया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि नावों को केवल निर्धारित मानकों और सुरक्षा नियमों का पालन करने पर ही संचालन की अनुमति दी जाएगी। प्रशासन की ओर से इन नियमों के कड़ाई से पालन की उम्मीद की जा रही है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।