Today Breaking News

गाजीपुर में पूर्व जिला पंचायत सदस्य को मिली जान से मारने की धमकी, आरोपी के गिरफ्तारी की मांग

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के जमानियां क्षेत्र के राघोपुर निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य बसंत यादव ने एक युवक पर फोन पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने शुक्रवार को कोतवाली पुलिस को नामजद तहरीर सौंपी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बसंत यादव ने अपनी तहरीर में बताया कि लगभग तीन दिन पहले दोपहर में आरोपी युवक का फोन पर कॉल किया था। आरोप है कि बातचीत के दौरान बिना किसी उकसावे के अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

बसंत यादव ने आरोप लगाया है कि आरोपी युवक आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ कोतवाली में पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने पुलिस को फोन पर हुई बातचीत से संबंधित आवश्यक साक्ष्य भी उपलब्ध कराए हैं, ताकि मामले की निष्पक्ष जांच की जा सके।

यादव ने आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की है।

इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राम साजन नागर ने बताया कि बसंत यादव की तहरीर शुक्रवार को प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उपलब्ध साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।